Saturday, September 8, 2007

पुलिस ने कब्र खोदकर निकाली महिला की लाश

लदनियां (मधुबनी)। लदनियां थानाध्यक्ष प्रवेन्द्र भारती ने हत्या के एक मामले में पुलिस बलों के साथ शुक्रवार की अहले सुबह साढ़े आठ बजे पिपराही गांव स्थित कब्रिस्तान से एक महिला का शव निकाला। दुर्गध दे रही लाश को पोस्टमार्टम के लए पुलिस अभिरक्षा में मधुबनी भेज दिया गया। इस बाबत मृतका रूबी खातून के भाई खुटौना बाजार निवासी मो. निजामुद्दीन ने अपनी बहन की हत्या कर शव को दफनाने का आरोप लगाते हुए अपने बहनोई मो. अमानुल्लाह समेत 6 लोगों के विरुद्ध लदनियां थाना में प्राथमिकी दर्ज करवायी है। इस बाबत थानाध्यक्ष प्रवेन्द्र भारती ने बताया कि उक्त घटना गत 4 सितंबर की है। रूबी खातून की मौत संदेहास्पद स्थिति में हुई। इस्लाम धर्म के रीति-रिवाज के अनुसार उनके परिजनों ने 5 सितंबर को गांव के कब्रिस्तान में शव को दफना दिया। इसमें मृतका के भाई भी बाद में भाग लिया। शव दफनाने के बाद वे अपने गांव लौट गये। थाना प्रभारी ने बताया कि गुरुवार को मो. निजामुद्दीन ने अपनी बहन रूबी की हत्या ससुराल वालों द्वारा कर देने का लिखित आवेदन दिया। सूचना मिलते ही पुलिस ने घटना की छानबीन शुरू कर दी। इसी क्रम में मृतका का शव जमीन खोदकर निकला गया। बताया जाता है कि वह गर्भवती थी और उसे दो पुत्र तथा एक पुत्री है। समाचार प्रेषण तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

No comments: